मॉडल ट्राइबल स्कूल के उन्नयन की मांग पर आंदोलन जारी, 8वें दिन भी विश्वविद्यालय का मुख्य द्वार जाम

WhatsApp Channel Join Now
मॉडल ट्राइबल स्कूल के उन्नयन की मांग पर आंदोलन जारी, 8वें दिन भी विश्वविद्यालय का मुख्य द्वार जाम


अनूपपुर, 7 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय परिसर में संचालित मॉडल ट्राइबल स्कूल को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उन्नत करने की मांग को लेकर अभिभावकों और छात्रों का आंदोलन मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरना देकर आवागमन बाधित कर दिया, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आंदोलनरत अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में फिलहाल केवल आठवीं तक की पढ़ाई होती है। इसके कारण आदिवासी विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे कई परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद अब तक स्कूल के उन्नयन को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

धरने के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मार्ग खोलने की अपील की। अधिकारियों ने स्कूल के उन्नयन संबंधी मांग शासन तक पहुंचाने और आवश्यक पत्राचार करने का आश्वासन भी दिया, लेकिन अभिभावक और छात्र लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस वर्ष कई छात्रों का प्रवेश नहीं हो सका है और यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्कूल में 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं शुरू करने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलन के चलते विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story