भोपाल: मंदाकिनी चौराहे पर शराब दुकान शिफ्टिंग पर जोरदार विरोध, कर्मचारियों ने शटर गिराया
भोपाल, 03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के काेलार क्षेत्र में मंदाकिनी चौराहे पर शिफ्ट हुई शराब दुकान के खिलाफ शुक्रवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। शाम को स्थानीय समाज के कई लोग दुकान के सामने इकट्ठा हुए और नारेबाजी की। विरोध के दौरान कर्मचारियों ने दुकान का शटर गिरा दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रदर्शन में कोलार कांग्रेस के कार्यकर्ता, कोलार रोड के निवासी और जैन समाज के लोग शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस अध्यक्ष राठौड़ ने की। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार एनएस परमार और एसीपी अशोक श्रीवास्तव को ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर सकल जैन समाज के अखिलेश जैन, सागर प्रीमियम टावर के डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह, शराब विरोधी मोर्चे के बबलू खान, जैन समाज के राजू जैन और संदीप तारण भी मौजूद थे। राठौड़ ने कहा कि जब तक शराब दुकान बंद नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा और उन्हें यह दुकान किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करनी चाहिए।
सर्वधर्म इलाके से मंदाकिनी चौराहे तक शिफ्टिंग पर आपत्ति
यह शराब दुकान पहले कोलार रोड के सर्वधर्म इलाके में थी, जो अब मंदाकिनी चौराहे पर शिफ्ट कर दी गई है। चौराहे के ठीक पीछे मंदाकिनी जैन मंदिर और एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है। विरोध का मुख्य कारण यही है कि दुकान धार्मिक और आवासीय क्षेत्र के बेहद नजदीक खुल गई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शराब दुकान के खुलने से पहले ही चौराहे के आसपास जाम लग गया था। उन्होंने मांग की कि यह दुकान सर्वधर्म कॉलोनी या अन्य उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

