दतिया में रेलवे के प्रस्तावित रास्ता बंदी का विरोध, कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
दतिया में रेलवे के प्रस्तावित रास्ता बंदी का विरोध, कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार


दतिया, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 के पास स्थित कई कॉलोनियों के रहवासियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने कलेक्टर स्वप्रिल वानखड़े को ज्ञापन सौंपते हुए एकमात्र आवागमन मार्ग को बंद नहीं किए जाने की मांग की।

रामनगर डेरा, पीताम्बरा कॉलोनी, विला कॉलोनी और मिश्रा कॉलोनी के सैकड़ों लोगों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन पुराने रास्ते को बंद करने की तैयारी कर रहा है। यदि ऐसा हुआ तो करीब एक हजार से अधिक लोगों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

रहवासियों ने बताया कि यह मार्ग वर्षों पुराना है और आजादी से पहले से उपयोग में लाया जा रहा है। नए रेलवे स्टेशन निर्माण के दौरान रेलवे ने टिकट घर के पास वैकल्पिक रास्ता बनाया था, जिससे वर्तमान में कॉलोनीवासियों और आसपास के ग्रामीणों की आवाजाही हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब रेलवे विभाग उसी रास्ते को बंद करने की तैयारी में है। मौके पर गिट्टी, रेत और ईंटें जमा की जा रही हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।

कॉलोनीवासियों ने कहा कि रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों, किसानों, व्यापारियों और शासकीय कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लोगों ने कलेक्टर से मांग की कि रेलवे के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए और आमजन के लिए मार्ग को सुरक्षित रखा जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story