सागरः अवैध शराब और जुआ-सट्टे के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
सागरः अवैध शराब और जुआ-सट्टे के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस


सागर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में लगातार पैर पसार रहे अवैध शराब, जुआ-सट्टे के कारोबार और हाल ही में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के विरोध में मंगलवार को शहर के हृदय स्थल तीनबत्ती स्थित जिला शहर कांग्रेस कार्यालय (राजीव गांधी भवन) के पास कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर धरना दिया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सत्ताधारी दल पर तीखे हमले बोले। नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में सागर की पहचान बदल गई है। उन्होंने कहा, भाजपा ने सागर को नशे की राजधानी बना दिया है। आज स्थिति यह है कि जब जिले के लोग दूसरे शहरों में जाते हैं, तो लोग सागर की पहचान अवैध शराब के गढ़ के रूप में करने लगे हैं। प्रदेश सरकार को आम जनता की चीखें और पीड़ा सुनाई नहीं दे रही है।

कांग्रेस नेताओं ने बंडा विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के अन्य हिस्सों में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता और मिलीभगत के कारण ही जिले में अवैध शराब और सट्टे का कारोबार बेखौफ फल-फूल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story