उज्जैनः हाउसिंग बोर्ड के हितग्राहियों के लिए समस्या समाधान शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः हाउसिंग बोर्ड के हितग्राहियों के लिए समस्या समाधान शिविर आयोजित


उज्जैन, 15 जून (हि.स.)। मप्र गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल के अध्यक्ष ओम जैन ने सोमवार को उज्जैन शहर में स्थित मण्डल की विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही समाधान किया। इस शिविर में बड़ी संख्या में हितग्राही अपने आवेदन लेकर आए थे। मण्डल ने अपनी ओर से आवेदन प्रिंट करवाकर दिए,ताकि एक जैसा फार्मेट होने से उसे कम्प्यूटरीकृत करना आसान रहे।

शिविर प्रात: 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगा। एक कक्ष में जैन के साथ ईई एनके गुप्ता, संपदा अधिकारी शुभम राठौर सहित विभिन्न सहायक एवं उप यंत्री मौजूद रहे। वहीं हाल में सभी कालोनियों के प्रभारी लिपिक अपने दस्तावेजों,रजिस्टर आदि लेकर बैठे थे। मंडल के अधिकारियों-कर्मचारियों ने हितग्राहियों की विभिन्न समस्याएं जैसे नामांतरण, लीज नवीनीकरण, रजिस्ट्री, फ्रीहोल्ड, अनापत्ति प्रमाण पत्र आदि का यथा संभव निराकरण किया। उक्त सेवाओं से संबधित नियम-परिपत्रों से पूर्ण पारदर्शिता के साथ हितग्राहियों को अवगत कराया। शिविर में मण्डल की विभिन्न अविक्रित संपत्ति की जानकारी एवं इन्हे क्रय करने संबंधी प्रक्रिया के बारे मे भी जानकारी दी गई।

शिविर में लगभग 200 हितग्राहियो की विभिन्न समस्याएं सुनी गई एवं उनका त्वरित निराकरण किया गया। जो समस्या मांग आधारित थी अथवा नियम एवं परिपत्रों में सुधार से सबंधित थी, उसके संबंध में मुख्यालय से पत्राचार करने के निर्देश बोर्ड के अध्यक्ष ने दिए। शिविर में आवासीय संपत्ति पर व्यवसायिक रूप से उपयोग किये जाने पर मण्डल द्वारा दिये गये नोटिस के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई।

अध्यक्ष ओम जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशानुरुप समस्या निवारण शिविर लगाया जिसमें सैकड़ों की संख्या में हितग्राहियों ने भाग लिया। अधिकांश समस्याओं का निवारण तत्काल किया गया। प्राप्त शिकायतों को तीन स्तरों में विभाजीत किया गया। स्थानीय शिकायतों का निराकरण यथा शीघ्र किया जाएगा। हाउसिंग बोर्ड मुख्यालय स्तर और राज्य स्तर की शिकायतों का निराकरण निर्धारित समयावधि में किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story