पूर्व कैदी से हुआ प्यार, सतना की महिला जेल अधिकारी ने रचाई शादी

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व कैदी से हुआ प्यार, सतना की महिला जेल अधिकारी ने रचाई शादी


पूर्व कैदी से हुआ प्यार, सतना की महिला जेल अधिकारी ने रचाई शादी


सतना, 07 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने जेल महकमे से लेकर आम लोगों तक को चर्चा का विषय दे दिया है। सतना केंद्रीय जेल में पदस्थ एक महिला सहायक जेल अधीक्षक ने सजा पूरी कर चुके एक पूर्व कैदी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर नई जिंदगी की शुरुआत की है।

जानकारी के अनुसार, रीवा निवासी फिरोजा खातून सतना केंद्रीय जेल में सहायक जेल अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। ड्यूटी के दौरान उनकी मुलाकात छतरपुर जिले के चंदला निवासी धर्मेंद्र सिंह से हुई थी। उस समय धर्मेंद्र जेल में बंद था और वारंट संबंधी कार्य देखता था, जबकि फिरोजा खातून वारंट इंचार्ज के रूप में जिम्मेदारी निभा रही थीं।

जेल परिसर में साथ काम करते-करते दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती से प्रेम में बदल गया। समय के साथ दोनों ने सामाजिक और धार्मिक बंधनों से ऊपर उठकर जीवनभर साथ रहने का निर्णय लिया।

बताया गया है कि धर्मेंद्र सिंह वर्ष 2007 में चंदला नगर परिषद के तत्कालीन उपाध्यक्ष कृष्णदत्त दीक्षित की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। उसने करीब 14 वर्ष जेल में बिताए। जेल में उसके अच्छे आचरण को देखते हुए उसे रिहा कर दिया गया था। पिछले चार वर्षों से वह जेल से बाहर था। इसी दौरान दोनों ने विवाह का फैसला लिया और 5 मई को छतरपुर जिले के लवकुशनगर में वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लिए।

इस विवाह की खबर सामने आते ही जेल विभाग में भी चर्चा शुरू हो गई। जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवदंपती को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, इस अनूठी शादी को लोग प्रेम, विश्वास और इंसानियत की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story