राजगढ़ः युवक कांग्रेस की प्रेसवार्ता में फूटा अंदरूनी असंतोष, नाराज पदाधिकारियों ने मंच पर ही जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः युवक कांग्रेस की प्रेसवार्ता में फूटा अंदरूनी असंतोष, नाराज पदाधिकारियों ने मंच पर ही जताया विरोध


राजगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में मंगलवार को आयोजित युवक कांग्रेस की प्रेसवार्ता उस समय विवादों में घिर गई, जब संगठन के ही दो प्रमुख पदाधिकारी कार्यक्रम में आमंत्रित न किए जाने से नाराज होकर मौके पर पहुंच गए और खुलकर विरोध दर्ज कराया।

सिटी पार्क में आयोजित इस प्रेसवार्ता का उद्देश्य भाजपा सरकार को घेरना और दिग्विजय सिंह के कार्यकाल की उपलब्धियों को सामने रखना था, लेकिन कार्यक्रम संगठन के अंदरूनी मतभेदों की वजह से असहज हो गया।

युवक कांग्रेस ने 1 से 10 अप्रैल तक विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई है। इसके तहत नुक्कड़ सभाएं, जनसंपर्क अभियान और सभाओं के माध्यम से जनता तक अपनी बात पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है। इसी क्रम में यह प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी। लेकिन जिला सचिव अर्पित शर्मा और जिला उपाध्यक्ष शिव दांगी को कार्यक्रम की सूचना तक नहीं दी गई, जिससे वे नाराज हो गए।

प्रेसवार्ता के दौरान ही दोनों नेता अचानक वहां पहुंच गए और मंच के सामने खड़े होकर अपनी नाराजगी जताने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि कुछ खास लोगों को ही प्राथमिकता दी जा रही है। अर्पित शर्मा और शिव दांगी ने कहा कि उन्होंने युवक कांग्रेस के चुनाव में पैसा खर्च कर जीत हासिल की है और संगठन के हर काम में सक्रिय रहते हैं, लेकिन उन्हें ही कार्यक्रमों से दूर रखा जा रहा है।

दोनों नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि युवक कांग्रेस बड़े नेताओं के इशारों पर काम कर रही है, जिससे संगठन कमजोर हो रहा है। उनका कहना था कि यदि जिम्मेदार पदाधिकारियों को ही जानकारी नहीं दी जाएगी तो कार्यकर्ता कैसे सक्रिय रहेंगे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि बड़े नेताओं के कारण युवक कांग्रेस बर्बादी की ओर जा रही है।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब दोनों ने प्रेसवार्ता के बीच ही विरोध शुरू कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी और जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों नेता शांत हुए और बाद में मंच से अपनी बात भी रखी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story