राजगढ़ः सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज,डीआईजी ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज,डीआईजी ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण


राजगढ़, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सिंहस्थ महाकुंभ-2028 की तैयारियों के तहत चल रहे पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) राजेशसिंह चंदेल ने निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने डीआईजी का स्वागत किया। प्रशिक्षण की दैनिक गतिविधियों और कार्यप्रणाली पर आधारित प्रस्तुतीकरण भी दिखाया गया, जिसका डीआईजी ने अवलोकन किया।

डीआईजी चंदेल ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे अवसरों पर पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सजगता, संवेदनशीलता और व्यावसायिक दक्षता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को विषम परिस्थितियों में भी धैर्य एवं तत्परता बनाए रखने की सीख दी। इस मौके पर पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए 300 विवेचना टैबलेट भी विवेचकों को वितरित किए गए।

अधिकारियों के अनुसार इन टैबलेटों के उपयोग से विवेचना कार्यों में तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी। कार्यक्रम के अंत में राजगढ़ पुलिस ने डीआईजी राजेशसिंह चंदेल का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने रक्षित केंद्र राजगढ़ में नव नियुक्त आरक्षकों को भी संबोधित किया। उन्होंने पुलिस सेवा के मूल्यों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जवानों को ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करने के लिए प्रेरित किया। एसपी अमित तोलानी ने कहा कि भविष्य में भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक व्यवहारिक और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा, ताकि पुलिस बल हर चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story