राजगढ़ःप्रधानमंत्री के विचारों को कार्यकर्ताओं ने सुना,मंत्री पंवार बोले- मन की बात राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःप्रधानमंत्री के विचारों को कार्यकर्ताओं ने सुना,मंत्री पंवार बोले- मन की बात राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम


राजगढ़,30 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में बूथ क्रमांक 71 पर नगरपालिका पार्षद विष्णु साहू के निवास पर अगस्त माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का प्रसारण हुआ। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचार सुने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त युवा अभियान, महिला सशक्तिकरण, देश के गौरवशाली इतिहास और विरासत के संरक्षण, नवाचार तथा जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने समाज और राष्ट्र के विकास में आमजन की भूमिका तथा सकारात्मक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के बाद राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ प्रेरणादायी कार्यक्रम है। यह देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने के साथ ही जनभागीदारी की शक्ति को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संवाद के माध्यम से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों और समाज के सकारात्मक प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संवाद सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इस दौरान पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, मंडल महामंत्री दीपक सामरे, पार्षद विष्णु साहू, वरिष्ठ पार्षद दिलीप भार्गव, प्रकाश मोगिया सहित भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story