राजगढ़ःघरेलू गैस की किल्लत और बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, टंकी की निकाली अर्थी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःघरेलू गैस की किल्लत और बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, टंकी की निकाली अर्थी


राजगढ़,17 मार्च(हि.स.)। घरेलू गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को ब्लाक और शहर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पीपल चौराहा से शहर के प्रमुख मार्गों में रैली निकालकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए गैस टंकी की अर्थी निकाली साथ ही सुभाष चौक पर नाली में पाइप डालकर चूल्हा जलाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया, जिससे गैस संकट की गंभीरता को दर्शाया जा सके। धरना-रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य लोग शामिल हुए।

इस दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि लगातार बढ़ती गैस कीमतों ने आम जनता, विशेषकर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का जीवन कठिन बना दिया है। वहीं गैस की किल्लत के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी नीतियों के कारण पेट्रोलियम पदार्थों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं,जिससे महंगाई चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने मांग की है कि गैस सिलेंडर के दामों में तुरंत कमी की जाए और आम जनता को राहत दी जाए। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और जनहित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डा. भरत वर्मा, पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र यादव, ब्लाक अध्यक्ष राहुल दांगी, शहर अध्यक्ष कपिल शिवहरे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन अरोरा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना भार्गव, पार्षद ज्ञानू विजयवर्गीय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story