सत्ता नहीं, सशक्त राष्ट्र निर्माण है भाजपा का लक्ष्य: हेमंत खण्डेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
सत्ता नहीं, सशक्त राष्ट्र निर्माण है भाजपा का लक्ष्य: हेमंत खण्डेलवाल


रायसेन और विदिशा में प्रशिक्षण वर्ग, बैठकों व पत्रकार-वार्ता में संगठन और विचारधारा पर दिया जोर

भोपाल/रायसेन/विदिशा, 07 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को रायसेन एवं विदिशा जिलों में आयोजित मंडल प्रशिक्षण वर्ग, जिला पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि बैठक, टोली बैठक और पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल से बढ़कर एक विचारधारा और जनसेवा का मिशन है, जो समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करता है।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा, कर्मठता और सेवा भावना ही पार्टी की वास्तविक ताकत है, जो उसे निरंतर सफलता दिला रही है।

कार्यकर्ता ही पार्टी का चेहरा

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी का प्रतिनिधि होता है। उनका आचरण, समर्पण और अनुशासन ही संगठन की पहचान बनाता है। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और यही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विदिशा के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जनसंघ काल से ही संगठन का मजबूत गढ़ रहा है। यहां के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के संघर्ष व समर्पण ने ही आज पार्टी को विशाल वटवृक्ष का रूप दिया है।

निरंतर प्रशिक्षण ही सफलता का आधार

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सफलता निरंतर सीखने, आत्मसुधार और प्रशिक्षण का परिणाम है। प्रशिक्षण वर्ग केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और समन्वय की गहरी समझ विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि पद चाहे कोई भी हो, हर व्यक्ति को कार्यकर्ता भाव के साथ कार्य करना चाहिए। दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन समर्पण और सेवा का भाव स्थायी होना चाहिए।

विचारधारा से नहीं किया कोई समझौता

प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा की विचारधारा में कोई परिवर्तन नहीं आया है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने अपने संकल्पों को हमेशा पूरा किया है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में उत्साहपूर्वक मनाया गया और 12 अप्रैल तक गांव चलो अभियान जारी रहेगा। साथ ही 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सेवा ही राजनीति का मूल उद्देश्य

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। यही कारण है कि कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर सेवा कार्य करते हैं और पार्टी को लगातार जनसमर्थन मिलता है।

गेहूं खरीदी पर कांग्रेस पर साधा निशाना

पत्रकार-वार्ता में हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। उन्होंने बताया कि बारदाने की आपूर्ति में वैश्विक परिस्थितियों के कारण आई बाधा के बावजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने तय समय से पहले, 9 अप्रैल से ही गेहूं खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे पर किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविक स्थिति से वह भली-भांति परिचित है। कार्यक्रमों में रायसेन और विदिशा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story