भीषण गर्मी में बिजली कटौती से हाहाकार, विभाग की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में बिजली कटौती से हाहाकार, विभाग की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा


कन्नौद, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के देवास क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी, उमस और चिलचिलाती धूप के बीच बार-बार बिजली जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग हर घंटे बिजली गुल हो रही है, जिससे घरों और बाजारों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहर के समय हो रही है, जब गर्मी अपने चरम पर रहती है। ऐसे समय बिजली कटौती होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। रात के समय भी बिजली की आंख-मिचौली जारी रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। गर्मी और घुटन के कारण कई लोग अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं।

क्षेत्रवासियों प्रणव शर्मा, अतुल कुमार और दीपक दाधीच ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग मेंटेनेंस के नाम पर पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो समस्या का स्थायी समाधान किया जा रहा है और न ही कटौती का कोई तय समय बताया जाता है। बिना पूर्व सूचना बिजली बंद कर दी जाती है।

लोगों का यह भी कहना है कि बिजली विभाग से संपर्क करना बेहद मुश्किल हो गया है। विभाग के लैंडलाइन नंबर अक्सर बंद रहते हैं और कॉल लगने पर भी कोई जवाब नहीं दिया जाता, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

बिजली संकट का असर व्यापार और शिक्षा पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं शादी-विवाह के सीजन में लगातार कटौती से आयोजनों में भी व्यवधान पैदा हो रहा है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सुचारू की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्‍द्र राठी

Share this story