मध्य प्रदेश में पूर्वी जिलों में आज आंधी-बारिश की संभावना, भोपाल-इंदौर में रहेगी धूप
- रात के तापमान में आयी गिरावट
भोपाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन के असर से शनिवार को रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में धूप खिली रहेगी। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में मौसमी सिस्टम का असर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में अमरकंटक में करीब डेढ़ इंच यानी 37.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट आई है। पचमढ़ी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमरकंटक और इंदौर में रात का तापमान 17.9 डिग्री, छिंदवाड़ा में 18.1 डिग्री, कटनी के करौंदी में 18.8 डिग्री और शाजापुर में 19 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के तापमान की बात करें तो इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा। बड़वानी के तालुन में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून 3 अक्टूबर को पूरी तरह विदा हो चुका है। इस बार मानसून करीब 100 दिन तक सक्रिय रहा। इसके बावजूद अक्टूबर में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। अक्टूबर में गर्मी, बारिश और ठंड तीनों तरह का मौसम देखने को मिलता है। इस बार चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन सक्रिय रहने के कारण मानसून की विदाई के बाद भी पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश हुई। इस साल जून से सितंबर तक चले मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में औसतन 35.8 इंच यानी 908.4 मिलीमीटर बारिश हुई। यह सामान्य बारिश 37.3 इंच से करीब 4 प्रतिशत कम है।
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक पानी गिरा, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। जून में बारिश का आंकड़ा सामान्य से 14 प्रतिशत कम रहा था। इसके बाद जुलाई, अगस्त और सितंबर में अच्छी बारिश से काफी हद तक भरपाई हुई, लेकिन शुरुआती महीने की कमी के कारण पूरे सीजन का आंकड़ा सामान्य से नीचे रह गया।
प्रदेश के 55 जिलों में से 25 में बारिश का निर्धारित कोटा पूरा हो गया है, जबकि 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। इन 25 जिलों में भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर शामिल है। जबकि इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, सागर, छिंदवाड़ा, देवास, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नीमच, मंदसौर और धार में कम बारिश दर्ज की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

