जनहित सर्वोपरि, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : प्रभारी मंत्री राधा सिंह

WhatsApp Channel Join Now
जनहित सर्वोपरि, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : प्रभारी मंत्री राधा सिंह


मैहर, 15 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विकास कार्यों, निर्माण गतिविधियों, कानून व्यवस्था तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में रामखेलावन कोल, बिदिशा मुखर्जी, अवधेश प्रताप सिंह, विद्याभूषण मिश्रा, संजना जैन, दिव्या पटेल तथा डॉ आरती सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए।

बैठक में कानून व्यवस्था, वन विभाग, राजस्व और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की बात कही।

बैठक के अंत में उन्होंने अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story