मप्रः गेहूं खरीदी पर सियासत तेज, जीतू पटवारी ने आंकड़ों के सहारे सरकार पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः गेहूं खरीदी पर सियासत तेज, जीतू पटवारी ने आंकड़ों के सहारे सरकार पर उठाए सवाल


भोपाल, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा खरीदी की रफ्तार लक्ष्य के मुकाबले बेहद धीमी है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

जीतू पटवारी ने गुरुवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि 9 अप्रैल से शुरू हुई खरीदी के शुरुआती 14 दिनों में करीब 2.21 लाख किसानों से लगभग 9.51 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। उनके अनुसार, इस गति से 80 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य को पूरा करने में लगभग 118 दिन और 160 लाख मीट्रिक टन के लिए 200 से अधिक दिन लगेंगे, जो निर्धारित समयसीमा में संभव नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्लॉट बुकिंग में दिक्कतों के कारण किसान समर्थन मूल्य से कम दाम पर गेहूं बेचने को मजबूर हैं। जहां एक ओर किसान 2700 रुपये प्रति क्विंटल के बजाय 2000-2100 रुपये में उपज बेच रहे हैं, वहीं प्रभावशाली लोगों को नियमों में राहत दी जा रही है। इंदौर का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि बिना स्लॉट बुकिंग के बड़ी मात्रा में गेहूं खरीदा गया, जो व्यवस्था में पक्षपात को दर्शाता है।

पटवारी ने तुलाई के बाद भुगतान में देरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित अवधि में तुलाई हो चुकी है, तो भुगतान रोके जाने का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए। साथ ही, सत्यापन प्रक्रिया को लेकर भी उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर प्रश्न खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वर की समस्या, बारदाने की कमी और सत्यापन प्रक्रिया के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, अव्यवस्था के कारण किसानों को बड़ी मात्रा में गेहूं कम कीमत पर बेचना पड़ा है।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के “आय दोगुनी” के वादे का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा कि जमीनी स्तर पर किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से खरीदी प्रक्रिया में सुधार, भुगतान में तेजी और सभी किसानों से बिना सीमा के गेहूं खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story