दिल्ली नहीं जा पाए कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस ने होटल में किया नजरबंद

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली नहीं जा पाए कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस ने होटल में किया नजरबंद


मुरैना, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जा रहे मध्य प्रदेश के मुरैना के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रविवार-सोमवार की रात रास्ते में रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एक होटल में नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अधिकार का मुद्दा उठाया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, वे दिल्ली में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुरैना से रवाना हो रहे थे। इसी दौरान रात में पुलिस ने उन्हें रोक लिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें हिरासत में लेकर होटल में नजरबंद किया गया। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई के संबंध में प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराना क्या अपराध है? उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों में विश्वास रखने वाले कांग्रेसजन अपनी बात रखने और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के अधिकार का उपयोग करना चाहते थे। ऐसे में उन्हें रोकने की कार्रवाई पर प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पूछा कि उन्हें किस आदेश और किस कानूनी आधार पर रोका गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना और शांतिपूर्ण विरोध करना नागरिकों के महत्वपूर्ण अधिकार हैं। पुलिस की कार्रवाई से उनकी आवाज दबने वाली नहीं है और वे जनता से जुड़े मुद्दों तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे इस कार्रवाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं। वहीं, मामले में पुलिस एवं प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद ही कार्यकर्ताओं को रोके जाने के कारणों और कार्रवाई के आधार की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story