सागर पुलिस ने 112 गुम मोबाइल किए बरामद, 16.50 लाख रुपये के फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे

WhatsApp Channel Join Now
सागर पुलिस ने 112 गुम मोबाइल किए बरामद, 16.50 लाख रुपये के फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे


सागर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार किए गए प्रयासों के जरिए जिले में गुम हुए 112 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इनमें कई महंगे आईफोन सहित विभिन्न कंपनियों के प्रीमियम स्मार्टफोन भी शामिल हैं। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

मोबाइल रिकवरी की यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सागर) नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में की गई। साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के साथ मैदानी स्तर पर पुलिसकर्मियों के समन्वय से अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन तलाशकर बरामद किए।

मध्यप्रदेश के बाहर भी इस्तेमाल हो रहे थे गुम मोबाइल

साइबर टीम ने गुम हुए मोबाइलों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तो पता चला कि कई फोन सागर के अलावा मध्यप्रदेश के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों में भी सक्रिय थे। पुलिस ने मोबाइल के विशिष्ट पहचान क्रमांक के आधार पर उनकी निगरानी की और सक्रिय होने के बाद संबंधित नेटवर्क तथा उपलब्ध स्थान संबंधी जानकारी का विश्लेषण किया।

अन्य जिलों और राज्यों में मिले मोबाइल फोन को वापस लाने के लिए संबंधित स्थानीय पुलिस से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया गया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से 112 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों की पहचान की गई।

साइबर टीम की अहम भूमिका

मोबाइल बरामदगी के इस अभियान में साइबर टीम के प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, प्रधान आरक्षक विजय शुक्ला और आरक्षक हेमेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके साथ जिले के विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारियों ने तकनीकी जानकारी और मैदानी स्तर पर लगातार समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाया।

मोबाइल वापस मिलने के बाद नागरिकों ने सागर पुलिस और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के प्रति आभार जताया। पुलिस के अनुसार, आज मोबाइल फोन केवल एक महंगा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं रह गया है। उसमें निजी तस्वीरें, संपर्क नंबर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और बैंकिंग से संबंधित संवेदनशील जानकारी भी सुरक्षित रहती है। ऐसे में मोबाइल की बरामदगी के साथ उसमें मौजूद व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी लोगों के लिए महत्वपूर्ण है।

पुलिस ने नागरिकों को दी डिजिटल सुरक्षा की सलाह

सागर पुलिस ने मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में सूचना देने और साइबर माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। साथ ही मोबाइल का आईएमईआई क्रमांक सुरक्षित रखने की सलाह दी है। यह क्रमांक मोबाइल के डिब्बे अथवा खरीद बिल पर दर्ज होता है।

पुलिस ने अज्ञात संदेश या ई-मेल के माध्यम से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की भी अपील की है। बैंकिंग अनुप्रयोग, सामाजिक माध्यमों के खातों और व्यक्तिगत फाइलों को मजबूत पासवर्ड तथा दोहरी सुरक्षा व्यवस्था से सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ उनकी डिजिटल संपत्ति की रक्षा के लिए मोबाइल तलाश और बरामदगी का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story