सागर: ऑटो में छूटी 3 लाख की पीएफटी मशीन 6 घंटे में बरामद

WhatsApp Channel Join Now
सागर: ऑटो में छूटी 3 लाख की पीएफटी मशीन 6 घंटे में बरामद


सागर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की सागर पुलिस ने एक बार फिर तत्परता और जनसेवा का परिचय देते हुए एक युवक की आजीविका का साधन महज छह घंटे में सुरक्षित तलाश लिया। पुलिस कंट्रोल रूम की सक्रियता से ऑटो में छूटी करीब तीन लाख रुपये मूल्य की पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) मशीन बरामद कर उसके मालिक को सौंप दी गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पंकज दुबे पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और बताया कि वह मकरोनिया से ऑटो द्वारा बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। बस स्टैंड पर उतरते समय जल्दबाजी में उनका बैग ऑटो में ही छूट गया।

पंकज ने बताया कि बैग में रखी पीएफटी मशीन की कीमत लगभग 2.80 लाख से 3 लाख रुपये के बीच है। उन्होंने कहा कि उनकी मासिक आय करीब 15 हजार रुपये है और यह मशीन ही उनके रोजगार का मुख्य साधन है। मशीन खोने से वह काफी परेशान हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान और उनकी टीम को मशीन तलाशने के निर्देश दिए।

इसके बाद महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक और आरक्षक योगेश ने बस स्टैंड से मकरोनिया मार्ग तक लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। कड़ी मेहनत के बाद संदिग्ध ऑटो की पहचान की गई।

पुलिस ने ऑटो की जानकारी शहर के सभी थानों, फिक्स पिकेट्स और सोशल मीडिया समूहों में साझा की। लगातार छह घंटे की तलाश के बाद ऑटो चालक को थाना गोपालगंज बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में बैग की जांच की गई, जिसमें पीएफटी मशीन सुरक्षित और सही स्थिति में मिली। मशीन वापस मिलने पर पंकज दुबे के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने सागर पुलिस, कंट्रोल रूम टीम और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story