भोपाल के बड़े तालाब में युवती का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के बड़े तालाब में युवती का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी


भोपाल, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र स्थित बड़े तालाब में रविवार सुबह एक 28 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती दो दिन पहले घर से बिना बताए निकली थी और तब से उसका कोई पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी अनुसार मृतका की पहचान सोनिका ठाकुर, निवासी गौतम नगर कॉलोनी, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उनकी शादी 18 अप्रैल 2024 को नर्मदापुरम निवासी रूपेश ठाकुर से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद वह मायके आई थीं, लेकिन फिर ससुराल वापस नहीं गईं। परिजनों के अनुसार, सोनिका 7 मई को घर से निकली थीं। हालांकि परिवार की ओर से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। पति रूपेश ने बताया कि उनकी आखिरी बार पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने उन्हें लेने आने के लिए कहा था। इसके बाद संपर्क नहीं हो सका।

सेल्फी पॉइंट के पास मिला शव

श्यामला हिल्स थाना पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह रंजीत होटल के पास बोट क्लब क्षेत्र में स्थित सेल्फी पॉइंट के करीब नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने पानी में शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। एसआई मोहन शर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर की गई। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों ने फिलहाल ससुराल पक्ष पर किसी प्रकार के आरोप नहीं लगाए हैं। युवती के पास से मोबाइल फोन, माचिस और 50 रुपए का नोट मिला, जिसे कानूनी प्रक्रिया के बाद परिवार को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story