राजगढ़ः पुलिस परिवारों के सशक्तिकरण की पहल- मशरूम फार्मिंग कार्यशाला का आयोजन
राजगढ़, 29 अप्रैल(हि.स.)। पुलिस कर्मियों के परिजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के राजगढ़ स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार को मशरूम फार्मिंग विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम में नरसिंहगढ़ एसडीओपी मिनी शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि मशरूम फार्मिंग कम लागत में अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय है, जिसे सीमित संसाधनों के साथ घर पर आसानी से शुरू किया जा सकता है। उन्होंने पुलिस परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु ऐसे प्रशिक्षणों को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यशाला में प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। इसमें बीज (स्पॉन) चयन, कम्पोस्ट तैयार करने की विधि, तापमान व नमी का वैज्ञानिक प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण के उपाय तथा उत्पाद के विपणन की रणनीतियों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक उर्मिला चैहान, सूबेदार मधु रघुवंशी एवं आरक्षक विष्णु दांगी उपस्थित रहे। पुलिस कर्मियों के परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यशाला को अत्यंत लाभदायक और प्रेरणादायक बताया।पुलिस विभाग ने भविष्य में भी इसी तरह के कौशल विकास एवं स्वरोजगार उन्मुख कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि पुलिस परिवारों के जीवन स्तर में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

