पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के केंद्र गृह जिले या नजदीकी शहर में आवंटित हों: जीतू पटवारी

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के केंद्र गृह जिले या नजदीकी शहर में आवंटित हों: जीतू पटवारी


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पुलिस आरक्षक (जीडी) भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख घोषित होने के बाद परीक्षा केंद्रों के आवंटन को लेकर प्रदेश सरकार से अभ्यर्थियों के हित में व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को उनकी प्राथमिकता के अनुसार गृह जिले अथवा नजदीकी शहर में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

जीतू पटवारी ने शुक्रवार काे जारी अपने बयान कहा कि मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने 19 नवंबर से स्थगित पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की नई तारीख 9 दिसंबर 2026 तय की है। परीक्षा की तारीख के साथ ही अभ्यर्थियों के सामने केंद्र आवंटन को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उनके अनुसार, पिछली परीक्षाओं में केंद्र आवंटन के दौरान अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आई थीं। अलीराजपुर के अभ्यर्थियों को 800 से 1000 किलोमीटर दूर रीवा और सतना जैसे शहरों में परीक्षा केंद्र दिए जाने की बात भी सामने आई थी।

उन्होंने कहा कि दूरदराज के शहरों में केंद्र मिलने से खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के युवाओं को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें परीक्षा देने के लिए लंबी दूरी तय करने के साथ ही ठहरने और आने-जाने का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है। सर्दी के मौसम में अनजान शहरों तक पहुंचना उनके लिए एक बड़ी चुनौती बन जाता है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की कि प्रवेश पत्र जारी होने से पहले परीक्षा केंद्र आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी और अभ्यर्थियों की सुविधा के अनुरूप बनाई जाए। उन्होंने कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) और परीक्षा संचालन करने वाली कंपनी एप्टेक की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखने की भी मांग की। उनका कहना है कि अभ्यर्थियों को उनकी ओर से चुनी गई प्राथमिकता के अनुसार गृह जिले या निकटतम शहर में केंद्र देने का प्रयास किया जाना चाहिए।

जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश के युवा मेहनत और लगन से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें निष्पक्ष और सुविधाजनक परीक्षा व्यवस्था मिले। परीक्षा केंद्रों की दूरी के कारण युवाओं को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए सरकार को समय रहते जरूरी कदम उठाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story