तेज आवाज वाले बाइक साइलेंसरों पर पुलिस का बुलडोजर, 48 मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट
मंदसौर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को पुलिस लाइन परिसर में 48 साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया। ये साइलेंसर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों से जब्त किए गए थे, जिनसे पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती थी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में पिछले कुछ महीनों से शहरभर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान यातायात थाना पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए।
पुलिस के अनुसार ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 48 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। जब्त किए गए साइलेंसरों को अपीलीय अवधि पूरी होने के बाद नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस लाइन परिसर में हुई इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल और सीएसपी जितेंद्र भास्कर मौजूद रहे। उनकी निगरानी में रोड रोलर चलाकर साइलेंसरों को नष्ट किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

