जबलपुरः रिहायशी इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे 5 दुकानदार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः रिहायशी इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे 5 दुकानदार गिरफ्तार


जबलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दीपावली पर शनिवार को रिहायशी इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाते हुए पांच दुकानदारों को पकड़ा है। लार्डगंज, गोहलपुर, गढ़ा और बरेला थाना पुलिस की अलग-अलग कार्रवाइयों में आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से पटाखे बनाने, भंडारण करने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, अनु बेनीवाल, पल्लवी शुक्ला सहित संबंधित नगर पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

लार्डगंज पुलिस ने 6 नवंबर को जानकीरमण प्लाजा के सामने सड़क किनारे बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे मनीष केशरवानी (52), निवासी राठी कॉलोनी, निवाड़गंज को पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 12 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए।

इसी दिन पांडे चौक में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंकित चौधरी (20), निवासी भोलानगर, चंडालभाटा, दमोह नाका को भी अवैध रूप से पटाखे बेचते पकड़ा। उसके पास से करीब 10 हजार रुपये कीमत की आतिशबाजी जब्त की गई।

गोहलपुर पुलिस ने छोटा फुहारा के पास सड़क किनारे पटाखे बेच रहे आशीष अग्रवाल (28), निवासी सूजी मोहल्ला, गोरखपुर को पकड़ा। जिस स्थान पर पटाखे रखे गए थे, उसके आसपास रिहायशी मकान और दुकानें थीं तथा बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। आरोपी के पास पटाखा बिक्री का लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने उसके कब्जे से सुतली बम, ताजमहल बम, कुर्वी बम, बुलेट बम, चकरी, अनार सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी जब्त की।

गढ़ा पुलिस ने बीटी तिराहा स्थित मिश्रा कंपाउंड में दबिश देकर अजय पटेल (32) को बिना लाइसेंस पटाखे बेचते पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 25 शॉट, 12 शॉट और 5 शॉट वाले पटाखों के पैकेट, सुतली बम, पाइप बम, बुलेट बम, फुलझड़ी, अनारदाने और अन्य आतिशबाजी सामग्री जब्त की गई।

बरेला पुलिस ने ग्राम पड़वार में कार्रवाई करते हुए सपना जैन (40) को अवैध रूप से पटाखे बेचते पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 7 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए। इनमें डबल कॉक, सिंगम, फाइटर, रैम्बो, टारजन, थ्री साउंड, टू साउंड, लायन, टॉप बम, अनारदाना, बटरफ्लाई, फुलझड़ी, चकरी, रॉकेट, बुलेट बम और अन्य पटाखे शामिल हैं।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 और 9(ख)(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि रिहायशी इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण और बिक्री गंभीर हादसों का कारण बन सकती है। ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774082 Articles

Share this story