जबलपुरः विरोध के बीच शताब्दीपुरम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, 75 झुग्गियां हटाईं गईं
जबलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अधारताल थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम में गुरुवार को जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में करीब एक एकड़ सरकारी भूमि पर बनी 75 झुग्गियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान विरोध की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पूर्व संबंधित परिवारों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार एसडीएम पंकज मिश्रा की मौजूदगी में चलाए गए अभियान के तहत उस भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जो जेडीए की है और पूर्व में केसरवानी ट्रस्ट को आवंटित की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि लगभग 75 परिवारों ने इस भूमि पर झुग्गियां बनाकर कब्जा कर लिया था।
वहीं, झुग्गीवासियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि बारिश के मौसम में बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें बेघर किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अतिक्रमण हटाने से पहले पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। हालांकि विरोध के बीच प्रशासन ने कार्रवाई पूरी कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

