जबलपुर एसपी कार्यालय में जनसुनवाई, 102 शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर एसपी कार्यालय में जनसुनवाई, 102 शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


जबलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जनसुनवाई की। जनसुनवाई में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश मामले पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी विवाद, मारपीट और साइबर अपराध से जुड़े थे। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायतों पर शीघ्र वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

एसपी सम्पत उपाध्याय ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों के समयबद्ध और त्वरित निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आकांक्षा उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों के साथ-साथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के थाना और चौकियों में भी जनसुनवाई कर नागरिकों की शिकायतें सुनीं तथा उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story