जबलपुरः बरसाती नाले में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः बरसाती नाले में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत


जबलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के ग्राम शूलपुरी में शनिवार को बरसाती नाले में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे स्कूल की छुट्टी के बाद खेलते-खेलते नाले के पास पहुंच गए थे। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम शूलपुरी निवासी साहिल और रोमित (दोनों उम्र लगभग पांच वर्ष) स्थानीय आंगनवाड़ी में अध्ययनरत थे। शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते वे गांव के समीप स्थित बरसाती नाले तक पहुंच गए। बताया जा रहा है कि नाले के किनारे खेलते समय दोनों का पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में डूब गए।

स्थानीय निवासी कृष्ण कुमार वरकडे ने बताया कि बच्चों के नाले में डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी। उनकी असमय मृत्यु से परिजनों सहित पूरे ग्राम शूलपुरी में शोक व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story