राजगढ़ः बांध में डूब रहे युवक को तीन युवाओं ने बचाया, पुलिस ने शॉल-श्रीफल देकर किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बांध में डूब रहे युवक को तीन युवाओं ने बचाया, पुलिस ने शॉल-श्रीफल देकर किया सम्मानित


राजगढ़, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संकट के समय साहस और मानवता की मिसाल पेश करते हुए तीन युवाओं ने बांध में डूब रहे युवक की जान बचा ली। घटना बोडा थाना क्षेत्र के कुंवर कोटरी स्थित बांध की है। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों युवाओं को थाना बुलाकर सम्मानित किया।

थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने बताया कि गुरुवार शाम बांध में अरुण सांसी के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर बचाव के लिए नाव की व्यवस्था करने को कहा। इसी दौरान मौके पर मौजूद युवाओं ने युवक को बचाने का फैसला किया। ट्रेक्टर की ट्यूब के सहारे पानी में उतरे ग्राम हिनोतिया निवासी महेंद्र वाल्मीकि और घनश्याम वर्मा तथा ग्राम कोटरी निवासी हरिओम पाल ने ट्रेक्टर के ट्यूब में हवा भरकर उसके सहारे बांध में प्रवेश किया। तीनों ने प्रयास कर अरुण सांसी को पानी से बाहर निकाल लिया। समय पर मदद मिलने से उसकी जान बच गई।

तीनों युवाओं के साहस और मानवता की सराहना करते हुए शुक्रवार को बोडा थाने में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत और पुलिस स्टाफ ने महेंद्र वाल्मीकि, घनश्याम वर्मा और हरिओम पाल को शॉल, श्रीफल, पुष्पमाला और स्मृति चिह्न भेंट किए। उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित भी किया गया।पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना की। उनकी तत्परता ने संकट के समय जनसहयोग और मानवीय संवेदना का महत्व साबित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story