शिवपुरीः नरवर किले से तोप चोरी मामले में पुलिस ने घोषित किया 10 हजार का इनाम

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरीः नरवर किले से तोप चोरी मामले में पुलिस ने घोषित किया 10 हजार का इनाम


शिवपुरी, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर किले से 16वीं शताब्दी की ऐतिहासिक तोप चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी घोषणा की है। तोप चोरी करने वाले आरोपियों की पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

15-16 जुलाई की रात को हुई चोरी-

पुलिस के अनुसार 15-16 जुलाई की रात 25 से 30 हथियारबंद बदमाश किले के पिछले रास्ते से लोडिंग गाड़ियों में आए थे। उन्होंने पहरा दे रहे सुरक्षाकर्मियों को धमकाकर तोप लूट ली और फरार हो गए। मामले में केयरटेकर की शिकायत पर नरवर थाने में केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान किले के पीछे टायरों के निशान भी मिले हैं। इस चोरी से पहले 5 जुलाई को भी बदमाशों ने तोप को नीचे गिराकर ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन वजन अधिक होने के कारण सफल नहीं हो पाए थे। इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था नहीं बढ़ाई गई थी।

सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा-

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को तोप या आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा और उसे 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस ने आसपास के जिलों में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। अंतरराष्ट्रीय एंटीक तस्कर गिरोह के शामिल होने की आशंका के चलते मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। किले में रखी अन्य 13 तोपों की सुरक्षा भी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story