ईंधन बचत के लिए नगर निगम की नई पहल, अधिकारी करेंगे ‘पूल व्हीकल’ का उपयोग
जबलपुर, 18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के नगर निगम जबलपुर ने ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की है। अब निगम के अधिकारी सरकारी कार्यों और निरीक्षण के दौरान अलग-अलग वाहनों के बजाय “पूल व्हीकल” का उपयोग करेंगे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पेट्रोल-डीजल की बचत करना, अनावश्यक खर्च कम करना और पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करना है। अधिकारियों के अनुसार, इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या घटेगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जिससे शहर को स्वच्छ और हरित बनाने में मदद मिलेगी।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा संबंधी आह्वान से प्रेरित बताई जा रही है।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया। सोमवार को भवन अधिकारी के आवंटित वाहन में कार्यपालन यंत्री जी एस मरावी और कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे एक साथ शहर के विभिन्न वार्डों और विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए पहुंचे।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि पूल व्हीकल व्यवस्था से प्रशासनिक खर्चों में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि नगर निगम प्रधानमंत्री के संदेश को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह की जनहितकारी एवं पर्यावरण हितैषी पहल जारी रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

