उज्जैन के महाकाल लोक के पास रुद्रसागर के पुनर्जीवन के लिए वेटीवर घास का रोपण

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन के महाकाल लोक के पास रुद्रसागर के पुनर्जीवन के लिए वेटीवर घास का रोपण


उज्जैन, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल मंदिर के समीप स्थित रुद्रसागर तालाब के पुनर्जीवन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गुरुवार को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) के नव आरक्षकों ने वेटीवर घास का रोपण किया। इस अभियान का उद्देश्य तालाब के संरक्षण के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी पुलिस प्रशिक्षण विद्यालयों में नव आरक्षकों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसमें उनके शारीरिक और मानसिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित की जा रही है। इसी क्रम में पीटीएस द्वारा यह पर्यावरणीय पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान नव आरक्षकों ने रुद्रसागर तालाब के किनारे वेटीवर घास के पौधे लगाए। विशेषज्ञों के अनुसार वेटीवर घास मिट्टी के कटाव को रोकने, जल संरक्षण में मदद करने और तालाब के आसपास के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में उपयोगी होती है। इससे झील के किनारों को मजबूती मिलने के साथ पानी की गुणवत्ता सुधारने में भी सहायता मिलती है।

विशेषज्ञों ने दी जानकारी

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीषा पाठक सोनी, उप पुलिस अधीक्षक पीटीएस नंद किशोर मालवीय, पीटीएस स्टाफ और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव आरक्षक मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से एनवायरमेंट इंजीनियर विश्वेंद्र सिंह तथा सिंटेक फाउंडेशन इंदौर के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर तकनीकी मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी जानकारी दी गई और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story