पिकअप में भरकर ले जा रहे थे गोवंश, बजरंग दल कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने टोल पर रोका वाहन, तस्करी के आरोप में एफआईआर
भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। विदिशा से भोपाल की ओर आ रहे एक लोडिंग पिकअप वाहन में गोवंश के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे बजरंग दल कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। पिकअप में 9 गोवंश मिले, जिनमें 8 जीवित और एक मृत था। पुलिस ने मामले में चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन जब्त किया है।
एफआईआर के मुताबिक, मंगलवार रात बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि लोडिंग पिकअप एमपी 41-जेडएल-4638 में गोवंश भरकर विदिशा की ओर से भोपाल लाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम और कार्यकर्ता विदिशा रोड स्थित सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास पहुंचे। यहां संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में गोवंश भरे मिले। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर गोवंश को बाहर निकलवाया।
8 जीवित गोवंश गौशाला भेजे, मृत का पोस्टमार्टम
पुलिस और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गोवंश की गिनती की गई। कुल 9 गोवंश मिले, जिनमें एक मृत और 8 जीवित थे। मृत गोवंश के संबंध में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। वहीं, जीवित मिले आठों गोवंश को सुरक्षित देखभाल के लिए जीवदया गौशाला पहुंचाया गया।
चार आराेपिताें को गिरफ्तार कर वाहन जब्त
पुलिस ने मामले में पिकअप चालक लकी राठौर (18) पुत्र दिनेश राठाैर निवासी ग्राम धर्मपुरी, थाना सांवेर, जिला इंदौर सहित रामवीर मीना (26), निवासी भटमड़ा और शीतांशु ठाकुर व अजब सिंह ठाकुर (दोनों 21 वर्ष) को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पिकअप के साथ रस्सी और अन्य सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

