पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के फिर बिगड़े बोल, विरोधियों पर महिलाओं को फंसाने की साजिश का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के फिर बिगड़े बोल, विरोधियों पर महिलाओं को फंसाने की साजिश का आरोप


शिवपुरी, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। खनियांधाना में आयोजित पाल-बघेल समाज के आक्रोश आंदोलन को संबोधित करते हुए विधायक ने आरोप लगाया कि उनके विरोधी उन्हें फंसाने के लिए महिलाओं को उनके पास भेजते हैं। उनके भाषण का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

'मुझे पटाने के लिए महिलाओं को भेजते हैं विरोधी'

गुरुवार को खनियांधाना में अहिल्याबाई देवी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में पाल-बघेल समाज का आक्रोश आंदोलन आयोजित किया गया था। मंच से संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि पिछोर के डाक बंगले में उनके विरोधी महिलाओं को उनके पास भेजते हैं, ताकि उन्हें किसी तरह फंसाया जा सके।

विधायक ने आरोप लगाया कि महिलाओं के माध्यम से उनसे बातचीत कराने का प्रयास किया जाता है और इसी दौरान वीडियो भी बनाया जाता है। उन्होंने इसे अपने विरोधियों की साजिश बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य उन्हें किसी गंभीर आपराधिक मामले में फंसाना है।

प्रीतम लोधी ने अपने संबोधन में यह भी दावा किया कि विरोधी उनके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। उनके बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पहले भी विवादों में रहे हैं विधायक

पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी इससे पहले भी अपने बयानों और टिप्पणियों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। पुलिस अधिकारियों से जुड़े एक मामले में उनके बयान के बाद भाजपा को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा उन्होंने कथित तौर पर डकैत रामबाबू से अपनी दोस्ती का जिक्र किया था, जिसके बाद भी विवाद खड़ा हुआ था। बाद में विधायक ने इस मामले में माफी मांगी थी।

अब महिलाओं को लेकर दिए गए उनके ताजा बयान ने एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक के बयान को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। हालांकि, इस मामले में विधायक की ओर से अलग से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story