देवासः कन्नौद वन परिक्षेत्र में दिखा 12 फीट लंबा अजगर, वनकर्मियों ने किया सफलतापूर्वक रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
देवासः कन्नौद वन परिक्षेत्र में दिखा 12 फीट लंबा अजगर, वनकर्मियों ने किया सफलतापूर्वक रेस्क्यू


देवास, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के वन परिक्षेत्र कन्नौद अंतर्गत ग्राम बूरूट में मंगलवार को एक किसान के खेत में करीब 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

वन विभाग के अनुसार, खेत में मिला अजगर इंडियन रॉक पाइथन प्रजाति का था। इसकी लंबाई लगभग 12 फीट और वजन करीब 22 किलोग्राम था। अजगर के खेत में दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीणों और किसानों में भय की स्थिति बन गई थी।

सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। टीम ने आवश्यक सुरक्षा सावधानियों और निर्धारित रेस्क्यू प्रक्रिया का पालन करते हुए अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद अजगर को उसकी प्राकृतिक आवासीय परिस्थितियों के अनुरूप खीवनी अभ्यारण के वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू अभियान वन परिक्षेत्र अधिकारी सृजन जाधव के मार्गदर्शन में चलाया गया।

वन परिक्षेत्र अधिकारी सृजन जाधव ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि आबादी अथवा कृषि क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। इसकी तत्काल सूचना निकटतम वन विभाग कार्यालय अथवा वन अमले को दें, ताकि प्रशिक्षित दल वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ सके।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्‍द्र राठी

Share this story