अनूपपुर: 20 मई को बंद रहेंगी दवा दुकानें, मेडिकल स्टोर के अस्तित्व पर संकट, ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: 20 मई को बंद रहेंगी दवा दुकानें, मेडिकल स्टोर के अस्तित्व पर संकट, ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने की मांग


अनूपपुर, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट संगठन के आह्वान पर देशभर के दवा व्यापारी 20 मई को अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।

राष्ट्रव्यापी बंद किया जा रहा है। इसमें खुदरा और थोक दवा व्यापारी शामिल होंगे। जिले में दवा विक्रेताओं ने आम जनता को 20 मई से पहले आवश्यक दवाइयां खरीदने की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।

अनूपपुर ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश जैन एवं सचिव दीपक सोनी ने बताया कि ऑनलाइन दवा व्यापार न केवल दवाव्यापारियों के लिए खतरा बन गया है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान खड़े कर रहा है। कॉर्पोरेट कंपनियां भारी छूट देकर दवा व्यवसाय पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं। इसके चलते फुटकर दवा व्यापारियों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है।

दवा व्यापारियों ने बताया कि संगठन के आह्वान पर देशभर के व्यापारी अपना कारोबार बंद रखकर केंद्र सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त रोक लगाने और दवा व्यापार के अवैध तरीकों को बंद करवाने की मांग करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी बंद में सभी दवा व्यापारी एकजुट होकर समर्थन कर रहे हैं।

जिले में दवा व्यापारी बीपी, शुगर और अन्य बीमारियों की नियमित दवाइयां लेने वाले आमजनों से अपील की हैं कि वे 20 मई से पहले अपनी दवाइयां खरीद लें, ताकि उन्हें बंद के दौरान परेशानी न हो। यह सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से भी दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story