राजगढ़ः पत्नी-बेटे को घर से बाहर निकालकर व्यक्ति ने की आत्महत्या, जांच शुरु

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पत्नी-बेटे को घर से बाहर निकालकर व्यक्ति ने की आत्महत्या, जांच शुरु


राजगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलबे आश्रम में एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार ग्राम पीपलबे आश्रम निवासी प्रेमसिंह (60) पुत्र प्रहलादसिंह राजपूत (60) खेती-किसानी के साथ ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह सोमवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर उसकी विकलांग पत्नी और 18 वर्षीय बेटे से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने दोनों को घर से बाहर निकाल दिया। कुछ देर बाद जब परिजन वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खोलने पर प्रेमसिंह पंखे के लिए लगाए गए सरिया से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रेमसिंह ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story