उज्जैन की जनता ने सामाजिक सामंजस्य का दिया अद्भुत उदाहरण

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन की जनता ने सामाजिक सामंजस्य का दिया अद्भुत उदाहरण


- जनसुविधाओं के लिए अधिग्रहीत 2.1 हैक्टेयर भूमि से संरचनाएं सफलतापूर्वक हटाई

भोपाल, 11 जनवरी (हि.स)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप विकास के लिए उज्जैन की जनता, जनप्रतिनिधि और प्रशासन नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन की टीम द्वारा सफलतापूर्वक श्री महाकाल मंदिर क्षेत्र में अधिग्रहीत भूमि से संरचनाओं को हटाने का कार्य किया गया। उज्जैन में शांतिपूर्ण तरीके से सामाजिक सामंजस्य का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विकास के लिए प्रदेश को नई दिशा दिखाई।

कई संरचनाएं स्वेच्छा से नागरिकों द्वारा स्वयं भी हटाई गई

श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं के विस्तार के लिए जून 2024 में भू-अर्जन का प्रस्ताव, 2.1 हैक्टेयर भूमि का स्वीकृत किया गया था। उक्त भूमि पर 257 स्थायी संरचनाएं निर्मित थी। इन 257 परिसंपत्तियों का संपूर्ण मुआवजा लगभग 34 करोड़ रुपये वितरित किया जा चुका है। इनमें से शनिवार को लगभग 140 स्थाई संरचनाओं, मकानों को जिला प्रशासन की टीम के द्वारा हटाया गया। कई संरचनाएं स्वेच्छा से नागरिकों द्वारा स्वयं भी हटाई गई। जिला प्रशासन की टीम द्वारा नागरिकों को मदद भी की गई। एसडीएम एलएन गर्ग ने जानकारी दी कि कार्य पूर्ण होने तक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन के द्वारा सभी से समन्वय स्थापित कर उक्त कार्य शांतिपूर्ण तऱीके से सम्पन्न करवाया जा रहा है। इस कार्य में जिला प्रशासन की टीम पुलिस बल, नगर निगम की रिमूवल गैंग, 5 पोकलेन, 4 जेसीबी व अन्य मशीनरी संलग्न रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story