विद्यार्थियों का शैक्षणिक हित एवं सर्वांगीण विकास राज्य सरकार का सर्वोपरि संकल्प है : राज्यमंत्री गौर

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों का शैक्षणिक हित एवं सर्वांगीण विकास राज्य सरकार का सर्वोपरि संकल्प है : राज्यमंत्री गौर


- आयुष विभाग के 2,950 विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति प्रक्रिया शुरू

- एमपी टास पोर्टल पर आवेदन प्रारंभ

भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा है कि “विद्यार्थियों का शैक्षणिक हित एवं उनका सर्वांगीण विकास राज्य सरकार का सर्वोपरि संकल्प है। आयुष पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिले, इसके लिए विभागीय स्तर पर व्याप्त सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं को दूर कर दिया गया है। राज्यमंत्री गौर ने आयुष विभाग के विद्यार्थियों की लंबे समय से अटकी छात्रवृत्ति प्रक्रिया पुनः प्रारंभ होने पर कही।

जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने शनिवार को बताया कि राज्यमंत्री गौर की संवेदनशील पहल एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप सत्र 2021-22 से 2023-24 तक के हजारों विद्यार्थियों के लिए 'एमपी टास' पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने तथा राशि हस्तांतरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

उन्होंने बताया कि आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित बीएएमएस, बीएचएमएस एवं बीयूएमएस पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष की समयावधि 1.5 वर्ष (18 माह) निर्धारित होने के कारण वार्षिक परीक्षाओं के आयोजन एवं परीक्षा परिणामों की घोषणा में विलंब की स्थिति बन जाती थी। परीक्षा परिणाम आने तक लगभग दो वर्ष का समय लग जाने से सत्र 2021-22, 2022-23 एवं 2023-24 में प्रवेशित विद्यार्थी निर्धारित समय-सीमा में पोर्टल पर द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए थे और समय बीत जाने के कारण पोर्टल बंद हो गया था।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए राज्यमंत्री गौर के कुशल मार्गदर्शन एवं अनुमोदन के उपरांत आयुक्त डॉ. सतेंद्र सिंह द्वारा आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर प्रकरण के त्वरित निराकरण की कार्यवाही पूरी की गई। इस जनहितैषी निर्णय से विभिन्न आयुष पाठ्यक्रमों के कुल 2,950 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे, जिनमें बीएएमएस के 1,530, बीएचएमएस के 1,280 तथा बीयूएमएस के 212 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हैं। पात्र विद्यार्थी एमपी टास पोर्टल की आधिकारिक लिंक https://www.tribal.mp.gov.in/MPTAAS पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। वर्तमान में पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्राप्त कर छात्रवृत्ति भुगतान की अग्रिम कार्यवाही द्रुत गति से संचालित की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को उनकी विगत वर्षों की बकाया राशि शीघ्र प्राप्त हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story