मंदसौर: गेहूं खरीदी में गुणवत्ता से समझौता नहीं, कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर: गेहूं खरीदी में गुणवत्ता से समझौता नहीं, कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देश


मंदसौर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में गेहूं उपार्जन, जल संवर्धन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्थिति में निर्धारित मानकों से समझौता न किया जाए। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों पर तैनात सर्वेयरों के इंटरचेंज की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने नोडल अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों और गोदामों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि गोदाम क्षमता, किसानों की संख्या, स्लॉट बुकिंग और बारदान की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जाए। आवश्यकता पड़ने पर बारदान की अग्रिम मांग समय पर भेजने को भी कहा गया।

बैठक में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों को पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल संवर्धन जनभागीदारी अभियान के तहत सभी विभागों को दिनवार कार्ययोजना बनाकर समन्वित रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story