अनूपपुर: पटवारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, राजस्व कार्य प्रभावित, धरना स्थल की अनुमति नहीं
अनूपपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पटवारी मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल के चौथे दिन गुरुवार को भी जारी हैं। 3 अगस्त से अपनी पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार कर रहे पटवारियों के कारण जिले में राजस्व विभाग से जुड़े अधिकांश कार्य ठप पड़े हैं। इससे आम लोगों को नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और प्रमाण-पत्रों से संबंधित कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं धरना स्थल की अनुमति एसडीएम कार्यालय से अब तक नहीं मिली है।
तहसीलों में जमा किए बस्ते और अभिलेख
हड़ताल शुरू होने से पहले पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को संबोधित ज्ञापन अधीक्षक भू-अभिलेख को सौंपा था। इसके साथ ही उन्होंने अपने बस्ते और राजस्व अभिलेख संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कर दिए थे। गुरुवार को पटवारी संघ के सदस्य इंदिरा तिराहा के पास धरने पर बैठे, हालांकि धरना स्थल की अनुमति को लेकर एसडीएम कार्यालय से अब तक स्वीकृति नहीं मिली है।
पांच मांगों पर अड़े पटवारी
जिला पटवारी संघ अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से कैडर रिव्यू लागू करने, पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ देने, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा नियमित कराने, जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करने, लंबित मानदेय का भुगतान और नियमों के विरुद्ध हुए तबादले निरस्त करने जैसी मांगें कर रहे हैं। शासन स्तर पर निर्णय नहीं होने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है।
आम जनता के काम प्रभावित
हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्रों के लिए आवश्यक राजस्व प्रतिवेदन सहित पटवारियों से जुड़े सभी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पटवारी संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

