आज से तीन दिन की हड़ताल पर पटवारी, 17 जुलाई तक सामूहिक अवकाश पर

WhatsApp Channel Join Now
आज से तीन दिन की हड़ताल पर पटवारी, 17 जुलाई तक सामूहिक अवकाश पर


भोपाल, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पटवारी संघ ने पदोन्नति, कैडर रिव्यू और अन्य लंबित मांगों के समर्थन में बुधवार से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ के आह्वान पर 15 से 17 जुलाई तक प्रदेशभर के पटवारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके बाद 18 और 19 जुलाई को शासकीय अवकाश होने से लगातार पांच दिनों तक राजस्व सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।

पटवारी संघ ने प्रदेश के सभी जिलों के पटवारियों से आंदोलन में एकजुट होकर शामिल होने की अपील की है। संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण के लिए शासन से लगातार पत्राचार और आग्रह किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। ऐसे में कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

संघ के अनुसार उनकी प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू, नियमित पदोन्नति तथा अन्य लंबित सेवा संबंधी मामलों का शीघ्र निराकरण शामिल है। पटवारियों का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से न केवल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, बल्कि राजस्व प्रशासन की कार्यक्षमता और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, नक्शा, खसरा-खतौनी संबंधी कार्य, आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र से जुड़े राजस्व प्रकरणों सहित अन्य कई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। चूंकि आंदोलन के बाद 18 और 19 जुलाई को शासकीय अवकाश रहेगा, इसलिए आम लोगों को लगातार पांच दिनों तक राजस्व कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

आंदोलन के समर्थन में पटवारी संघ ने सोशल मीडिया पर एक कविता भी साझा की है, जिसके माध्यम से शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन किसी टकराव के उद्देश्य से नहीं, बल्कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। संघ का कहना है कि यदि समयबद्ध पदोन्नति और कैडर रिव्यू लागू किया जाता है, तो कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व सेवाओं के संचालन में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story