सागरः रहली विधायक गोपाल भार्गव ने 25 मरीज बेहतर इलाज के लिए भोपाल किए रवाना
सागर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के गढ़ाकोटा स्थित निज निवास “गणनायक” से रविवार को मानवता की एक बड़ी मिसाल पेश की गई। विभिन्न क्षेत्र के 25 गंभीर मरीजों को उनके परिजनों के साथ बेहतर और समुचित उपचार के लिए एम्बुलेंस और विशेष बस के माध्यम से भोपाल रवाना किया गया।
आज रवाना किए गए मरीजों में सबसे भावुक कर देने वाला मामला दो मासूम बच्चों का है। दमोह निवासी जगदीश के 05 माह के पुत्र मानविक और शाहगढ़ के बुडेरा निवासी भूपेंद्र के 02 माह के पुत्र उत्कर्ष के हृदय में जन्मजात छेद की गंभीर समस्या है। इन दोनों बच्चों के जीवन को बचाने के लिए वेदिका फाउंडेशन ने जिम्मेदारी ली है और इनका संपूर्ण उपचार संस्था द्वारा कराया जाएगा।
इसके साथ बंडा निवासी राजकुमार की 09 माह की पुत्री बेबी नात्या को आंख में खून के धब्बे की समस्या है, जिसका विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उपचार सुनिश्चित किया गया है।
भोपाल भेजे गए 25 मरीजों के दल में अलग-अलग गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोग शामिल हैं:
हृदय रोग: 05 मरीज
न्यूरोपैथी: 02 मरीज
हड्डी रोग: 02 मरीज
अन्य बीमारियां: लकवा, किडनी रोग और अन्य जटिल समस्याओं से पीड़ित मरीज।
विधायक कार्यालय द्वारा केवल मरीजों को अस्पताल भेजने तक ही जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी गई है। भोपाल पहुँचने पर सभी मरीजों और उनके साथ आए परिजनों के रहने, खाने-पीने और अस्पतालों तक पहुँचने के लिए सुव्यवस्थित प्रबंध किए गए हैं। कल सोमवार से सभी मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार भोपाल के विभिन्न चिन्हित और विशेषज्ञ अस्पतालों में भर्ती कर उपचार प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पीड़ित मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। गढ़ाकोटा का 'गणनायक' निवास हमेशा से जरूरतमंदों के लिए खुला रहा है और हमारा प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति धन के अभाव में इलाज से वंचित न रहे। गोपाल भार्गव, विधायक रहली (सागर)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

