अनूपपुर: मरीज की मौत पर हंगामा, सीने में दर्द की शिकायत पर मरीज को चढ़ाई ड्रिप

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: मरीज की मौत पर हंगामा, सीने में दर्द की शिकायत पर मरीज को चढ़ाई ड्रिप


अनूपपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी चिकित्सक में मंगलवार को गलत इलाज से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और उनके कंपाउंडर बसंत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला बिजुरी थाना क्षेत्र का है, जहां इलाज के दौरान ही मरीज ने दम तोड़ दिया।

पेट-सीने में दर्द की थी शिकायत

अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14 में रहने वाले भागीरथ केवट की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मुत्यु हो गई। परिजनों के अनुसार मंगलवार की दोपहर भागीरथी केवट को पेट और सीने में दर्द की शिकायत पर इलाज के लिए स्थानीय डॉक्टर डीके कोरी के क्लीनिक पहुंचे जहां डॉक्टर की अनुपस्थिति में कंपाउंडर बसंत द्वारा मरीज को ड्रिप लगाई गई, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद बिना सूचना दिए डॉक्टर और कंपाउंडर ने मामले को छिपाने की कोशिश की और शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी में भर्ती कराकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बिजुरी पुलिस को सूचना दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डॉक्टर डीके कोरी ने बताया कि मैं क्लीनिक में नहीं था। उन्हें अटैक की शिकायत हो सकती है। कंपाउंड ने बॉटल चढ़ाया हो, जब मैं पहुंचा तो उन्हें जल्दी से बाइक के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी भेज दिया गया। बाकी मैं रहता हो ऐसा नहीं होता।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story