भोपाल के अस्पताल में भर्ती मरीज ने बाथरूम में फंदा लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के अस्पताल में भर्ती मरीज ने बाथरूम में फंदा लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी


मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार के लिए अस्पताल में था भर्ती, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

भोपाल, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने शुक्रवार देर रात अस्पताल परिसर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कजलीखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सागर निवासी दीपक शुक्ला (48) के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार चल रहा था और इसी कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस के मुताबिक देर रात दीपक अस्पताल के बाथरूम में गए थे। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर अस्पताल स्टाफ और परिजनों ने उनकी तलाश की। बाथरूम में वे फंदे पर लटकते हुए मिले। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों को लेकर फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल से प्राप्त जानकारी और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। कजलीखेड़ा थाने के सब-इंस्पेक्टर महेश मांझी का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story