अनूपपुर: पटवारियों की हडताल का 15वां दिन: कलेक्टर से वार्ता विफल
अनूपपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले 15 दिनों से अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों और जिला प्रशासन के बीच गतिरोध कम होता नजर आ रहा है। गुरुवार को प्रशासन ने नरम रुख अपनाते हुए पटवारियों को बातचीत की मेज पर बुलाया। एसडीएम कमलेश पुरी खुद धरना स्थल पहुंचे और पटवारी संघ को कलेक्टर से संवाद करने का प्रस्ताव दिया। कलेक्टर से मिलने के बाद आंदोलन को तेज करने की बात कहीं।
निलंबन और टेंट हटाने से बढ़ा था तनाव
बता दें कि, इससे पहले प्रशासन ने पटवारियों पर सख्त कार्रवाई की थी। काम में लापरवाही और अनुपस्थिति के चलते अब तक कुल 18 पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है। इतना ही नहीं, मंगलवार को पुलिस और प्रशासन ने धरना स्थल से टेंट भी हटवा दिया था, जिससे पटवारियों में काफी आक्रोश था।
इसी नाराजगी के चलते शुरुआत में पटवारी संघ बातचीत के लिए तैयार नहीं था, लेकिन एसडीएम की समझाइश के बाद 6 सदस्यीय दल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था जहां कलेक्टर और पटवारियों की बीच वार्ता विफल हो गई। जिला अध्यक्ष पटवारी संघ चेतन सिंह मरावी ने बताया कि कलेक्टर और पटवारियों के बीच की वार्ता में पटवारियों के मांगों पर सहमति नहीं बन सकीं हैं। हड़ताल जारी रहेंगी शुक्रवार से अन्य जिलों के पटवारी भी भारी संख्या में शामिल होंगे हड़ताल का समर्थन में रैली मे शामिल होंगे।
पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश भर के पटवारियों के अनूपपुर पहुंचने की संभावना है। यदि यह आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप लेता है, तो नामांतरण और रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह ठप हो सकते हैं। इसी दबाव के चलते कलेक्टर ने पटवारियों से चर्चा कर बीच का रास्ता निकालने की पहल की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

