राजगढ़–कुक्षी मार्ग पर यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, 14 यात्री घायल
कुक्षी, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़–कुक्षी मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आंबासोटी घाट के पास एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 14 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि संजय नामक युवक के दोनों पैर बस के नीचे दबकर बुरी तरह कुचल गए। हादसे के बाद उनकी पत्नी उन्हें गले लगाकर फूट-फूटकर रोती रही ।
जानकारी के मुताबिक, बस राजगढ़ से टांडा बाग होते हुए मनावर जा रही थी। इस दाैरान सुबह करीब 9:30 बजे रिंगनौद से आगे टांडा घाट शुरू होते ही बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रिंगनौद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
युवक की हालत गंभीर, पत्नी भी घायल
टांडा अस्पताल के डॉ. यतेंद्र जैन के अनुसार, ग्राम घर निवासी संजय के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए हैं, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया है। उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज
रिंगनौद चौकी प्रभारी गुलाब सिंह भयड़िया ने बताया कि कुल 14 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 7 घायलों को राजगढ़ के कंचन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य 7 का इलाज टांडा के शासकीय अस्पताल में चल रहा है। सभी को सामान्य से मध्यम चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

