पन्ना: रैपुरा में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, चालक-परिचालक सुरक्षित
पन्ना, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में दमोह-कटनी मार्ग पर स्थित रैपुरा में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा रैपुरा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक तथा परिचालक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक जीजे 17 एक्सएक्स 7605 दमोह से कटनी की ओर जा रहा था। रैपुरा के समीप पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शी शैलेन्द्र ने बताया कि ट्रक की रफ्तार अत्यधिक नहीं थी, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन पलट गया। उन्होंने कहा कि जिस समय हादसा हुआ, उस दौरान सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद भी मार्ग पर यातायात सामान्य बना रहा और आवागमन प्रभावित नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

