‘भाई की गुंडागर्दी पर जादू-चमत्कार क्यों नहीं चला?’ पंडोखर सरकार ने बागेश्वर बाबा पर फिर साधा निशाना
भोपाल, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पर्ची के जरिए भविष्य बताने को लेकर चर्चित पंडोखर सरकार और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। पंडोखर सरकार ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर बागेश्वर बाबा पर सीधे तौर पर निशाना साधा है। उन्होंने बागेश्वर बाबा के भाई को लेकर सवाल उठाने के साथ कई अन्य आरोप भी लगाए हैं। पंडोखर सरकार ने दावा किया कि कथित चमत्कार और शक्तियों का इस्तेमाल उनके अपने क्षेत्र में होने वाली घटनाओं को रोकने या उनका पता लगाने में क्यों नहीं किया गया।
पंडोखर सरकार ने एक वीडियो में बागेश्वर बाबा को संबोधित करते हुए कहा कि आप दुनिया में शराब बंद कराने की बात करते हैं, लेकिन अपने भाई को क्यों नहीं सुधार पाए। उन्होंने सवाल किया कि यदि आपके पास जादू और चमत्कार की शक्ति है तो वह आपके भाई पर क्यों काम नहीं आई?
पंडोखर सरकार ने बिना नाम लिए आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोगों की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि हाथी के दांत खाने के कुछ और तथा दिखाने के कुछ और होते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने बागेश्वर बाबा के भाई को लेकर सवाल किया कि यदि पर्ची और कथित शक्ति से भविष्य की जानकारी मिल सकती है तो उनके भाई के संबंध में पहले से जानकारी क्यों नहीं मिली।
उन्होंने आगे चुनौती देते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में होने वाली घटनाओं का आंकड़ा निकलवाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को यह भी पता होना चाहिए कि घटनाओं के पीछे कौन है और उनके कारण क्या हैं। पंडोखर सरकार ने यह आरोप भी लगाया कि सुरक्षा हासिल करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी जाती है।
पंडोखर सरकार ने अपने वीडियो में पहाड़ी क्षेत्रों में मृत पाए जा रहे लोगों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि यदि इतनी शक्ति है तो ऐसे मामलों में किसी थाने में जाकर अपनी शक्ति का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या कथित शक्ति के माध्यम से मृतकों की पहचान कर उनके शव परिजनों तक पहुंचाने में मदद की गई। उन्होंने बागेश्वर बाबा की शक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी शक्ति सिर्फ ‘इलू-इलू’ बताने तक सीमित है और लोगों को इस तरह की गतिविधियों में अपना समय और पैसा बर्बाद नहीं करना चाहिए।
पंडोखर सरकार ने आरोप लगाया कि लोगों को भ्रमित किया जा रहा है और कथित चमत्कारों के पीछे कोई वास्तविक शक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि ये सब ट्रिक और आंखों का खेल है। उन्होंने लोगों से ऐसे आयोजनों और स्थानों पर अपना समय तथा पैसा खर्च नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों के बारे में जागरूक करने की जरूरत है। पंडोखर सरकार ने दावा किया कि वह ऐसे बाबाओं की कथित सच्चाई लोगों के सामने रख सकते हैं और उनके पास कोई विशेष शक्ति नहीं है।
पंडोखर सरकार ने कन्या विवाह के मुद्दे को लेकर भी बागेश्वर बाबा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इसके नाम पर ठगी की जाती है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास 75 से अधिक एफडी हैं और वे इनके बारे में जानकारी सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भीख मांगकर कुछ नहीं लेते हैं। पंडोखर सरकार ने अपने वीडियो में बागेश्वर बाबा से जुड़े अन्य मामलों को भी सामने लाने की बात कही।
विदित हो कि पंडोखर सरकार और बागेश्वर बाबा के बीच यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले भी पंडोखर सरकार सार्वजनिक रूप से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साध चुके हैं। करीब दो वर्ष पहले दोनों के बीच बयानबाजी को लेकर काफी चर्चा हुई थी। अब एक बार फिर पंडोखर सरकार ने सोशल मीडिया के माध्यम से बागेश्वर बाबा पर गंभीर आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए हैं।
हालांकि, पंडोखर सरकार की ओर से लगाए गए आरोपों पर बागेश्वर बाबा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि बागेश्वर बाबा इन आरोपों का क्या जवाब देते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

