राजगढ़: पचोर में ट्रक-पिकअप की टक्कर में 2 महिलाओं की मौत, 21 घायल, मामेरा लेकर लौट रहे थे सभी
राजगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पचोर में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। यहां ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। सभी लोग एक ही परिवार के थे और मामेरा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 9:30 बजे पचोर से पहले पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पचोर की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक पिकअप वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप में सवार यादव परिवार के सदस्य खुजनेर के मवासा गांव से ब्यावरा के बरखेड़ा मामेरा लेकर जा रहे थे। इस हादसे में यादव परिवार के 20 सदस्य और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। माैके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पचाेर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत पचोर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के चलते 16 घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि पिकअप चालक देवीसिंह यादव को सीने और दाएं पैर में फ्रैक्चर के कारण भोपाल भेजा गया। अस्पताल में एक साथ इतने घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सिविल अस्पताल में डॉ. विजया गौतम, डॉ. इंसाफ अंसारी, डॉ. मनीष यादव, डॉ. राहुल सिसोदिया, डॉ. हरीश विश्वकर्मा और अन्य स्टाफ ने तुरंत प्राथमिक इलाज शुरू किया। शाजापुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान भगवती बाई पत्नी चंद्र सिंह और अवंती बाई पत्नी गोपाल के रूप में हुई है। दोनों निवासी मवासा, जिला राजगढ़ की थीं। पोस्टमार्टम के बाद आज मंगलवार को शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
घटना की जानकारी मिलते ही सांसद रोडमल नागर, एसडीएम रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंद सिंह, तहसीलदार और टीआई भी अस्पताल पहुंचे।उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ट्रक चालक भी हादसे में घायल हुआ है, जिसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में एक निजी अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायलों के नाम
घायलों में कलाबाई पत्नी होकमसिंह, लक्ष्मीनारायण यादव, होकमसिंह पुत्र गंगाराम, राजेश पुत्र मांगीलाल, कलाबाई पत्नी देवनारायण, रामरतन पुत्र गोपाल (जिन्हें सीने में चोट लगी), कलाबाई पत्नी गोपाल यादव, प्रेमसिंह यादव, नानकराम पुत्र नाथूलाल, भगवती पत्नी प्रेमसिंह, देवसिंह पुत्र भावसिंह, सुरेश पुत्र मांगीलाल, कोमलबाई पत्नी प्रभुलाल, अवंताबाई पत्नी गोपाल, राधा पत्नी नवीन यादव, योगेश पुत्र हेमराज यादव, मंजू पत्नी अजयसिंह, पवन पुत्र प्रेमसिंह, भगवत पुत्र चंदरसिंह, धीरपसिंह पुत्र भंवरलाल, सोरमबाई पत्नी गोपाल, प्रेमनारायण पुत्र रतनलाल और संजूबाई पत्नी दिनेश यादव शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

