राजगढ़ः पचोर के हास्य कवि चेतन चर्चित 21 अगस्त को ओमान में सुनाएंगे कविताएं

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पचोर के हास्य कवि चेतन चर्चित 21 अगस्त को ओमान में सुनाएंगे कविताएं


राजगढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेष के राजगढ़ जिले के पचोर से निकलकर हास्य कविता के मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले कवि चेतन चर्चित अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर राजगढ़ का गौरव बढ़ाने जा रहे हैं। 21 अगस्त को ओमान की राजधानी मस्कट में आयोजित कवि सम्मेलन में वे अपनी हास्य कविताओं और चुटीले व्यंग्य से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे।

चेतन चर्चित का काव्य सफर पचोर से शुरू हुआ और देशभर के मंचों तक पहुंचा। वे अब तक देश के विभिन्न शहरों में आयोजित 1000 से अधिक कवि सम्मेलनों में काव्यपाठ कर चुके हैं। हास्य, व्यंग्य और प्रभावी मंचीय प्रस्तुति उनकी खास पहचान बन चुकी है। इससे पहले नेपाल और दुबई में भी वे हिंदी कविता की प्रस्तुतियां दे चुके हैं।

टीवी कार्यक्रमों में भी बिखेरा हास्य चेतन चर्चित राष्ट्रीय टेलीविजन के कई चर्चित कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। वे स्टार प्लस के ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में शामिल हुए। इसके अलावा ‘वाह भाई वाह’, ‘कवि युद्ध’ और ‘हंसाने का मुखिया कौन’ जैसे काव्य कार्यक्रमों में भी उनकी प्रस्तुतियां हो चुकी हैं। मंचीय एवं काव्य क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें युवा चकल्लस सम्मान, यूथ आइकॉन अवार्ड, वैश्य समाज गौरव सम्मान, दिलीप चंचल सम्मान, सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार और हास्य रत्न अलंकरण सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।

21 अगस्त को इंडियन सोशल ग्रुप के हिंदी विंग द्वारा मस्कट में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें चेतन चर्चित अपनी हास्य कविताओं और व्यंग्य से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम में ओमान में भारत के राजदूत प्रशांत पिसे उन्हें साहित्य और मंचीय योगदान के लिए सम्मानित करेंगे। पचोर से शुरू हुआ उनका सफर अब विदेशों में हिंदी कविता की खुशबू बिखेरते हुए राजगढ़ का नाम रोशन कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story