छात्राओं की सुरक्षा पर भड़का गुस्सा, भोपाल में एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन, सड़क जाम और शराब दुकान पर पथराव
भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का विरोध बुधवार को उग्र रूप लेता दिखा। पॉलिटेक्निक चौराहे के पास कॉलेजों के नजदीक संचालित शराब दुकान के खिलाफ छात्रों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम, पथराव और पुलिस के साथ झड़प जैसी घटनाएं सामने आईं।
बुधवार दोपहर में बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता पॉलिटेक्निक चौराहे पर एकत्र हुए और राजा भोज सेतु से लेकर चौराहे तक रास्ता जाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन हुआ उग्र, शराब दुकान पर हमला
स्थिति तब बिगड़ी जब प्रदर्शनकारियों का गुस्सा बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान के बोर्ड पर चढ़कर उसे फाड़ दिया और दुकान पर पथराव कर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हालात संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई।
नियमों के उल्लंघन का आरोप
एबीवीपी पदाधिकारी शालिनी वर्मा ने आरोप लगाया कि संबंधित शराब दुकान, एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में संचालित हो रही है, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही और मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए।
छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता
संगठन का कहना है कि इलाके में हाल ही में छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ी हैं। आरोप है कि शराब के नशे में असामाजिक तत्व छात्राओं को निशाना बनाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
पहले चेतावनी, अब उग्र आंदोलन
एबीवीपी का कहना है कि उन्होंने पहले कई बार शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देकर शराब दुकान हटाने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें आंदोलन तेज करना पड़ा। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें शराब दुकान को तत्काल हटाने, क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने और सुरक्षित आवागमन के लिए ओवरब्रिज बनाने की मांग की गई।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
एसडीएम भुवन गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा के बाद आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

